भोपाल : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दो दिन बाद मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। उससे ठीक पहले मिली एक गुमनाम चिट्ठी से हड़कंप मच गया है। चिट्ठी में राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है।
20 नवंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश कर रही है। उसके बाद वो अगले दिन गुजरात चले जाएंगे। वहां चुनाव प्रचार के बाद मध्य प्रदेश लौटेंगे और फिर 23 नवंबर से मध्य प्रदेश में उनकी यात्रा जारी हो जाएगी। उनकी यात्रा से पहले एक धमकी भरी चिट्ठी ने भोपाल से लेकर दिल्ली तक में हड़कंप मचा दिया है। ये चिट्ठी इंदौर में मिठाई की एक दुकान पर कोई छोड़ गया है।
बम से उड़ाने की धमकी
इंदौर की एक दुकान पर छोड़ी गई चिट्ठी में राहुल गांधी को मारने की धमकी दी गई है। चिट्ठी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। वायनाड से कांग्रेस राहुल गांधी को निशाना बनाने के इस पत्र के सामने आने के बाद हड़कंप के हालात हैं। जानकारी के मुताबिक धमकी भरा पत्र शुक्रवार सुबह एक मिठाई की दुकान में एक अज्ञात व्यक्ति छोड़ कर गया था। पुलिस अब इस पूरे मामले में जांच में जुट गई है।