लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया और गुजरात में भाजपा की सातवीं बार रिकॉर्ड तोड़ जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की और मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज पूरी दुनिया कौतूहल और आश्चर्य की नजर से भारत की तरफ देख रही है। जी-20 सम्मेलन की अध्यक्षता भारत कर रहा है। जो कि दिखाता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। मोदी है तो मुमकिन है अब वैश्विक मंत्र बन गया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुजरात में सातवीं बार रिकॉर्ड जीत से साबित हो गया है कि जनता विकास को प्रमुखता देती है। जनता ने परिवावाद को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हम लोग मई 2022 में आयोजित कार्यसमिति में नए संकल्प के साथ आगे बढ़े थे। पहली बार कोई सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सरकार दो तिहाई बहुमत से यूपी में फिर सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में तमाम राजनीतिक विश्लेषकों की राय को दरकिनार कर चुनाव जीता है। विजेता के रूप में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन कैसे किया जाना चाहिए यह भाजपा सरकार जानती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर पीएम मोदी के नेतृत्व में देश भर में गांव-गांव हर घर तिरंगा लगाकर आजादी का असली मतलब बताया गया। पीएम मोदी के नेतृत्व में जो भी मानक गढ़े गए वह पूरे किए गए हैं। ये हमारा सौभाग्य है कि पीएम संसद में यूपी का प्रतिनिधित्व करते है। यूपी में असीम संभावनाएं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने दिया सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि खतौली और मैनपुरी का परिणाम हमें और अधिक परिश्रम करने की प्रेरणा देता है। भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव जीतकर रिकॉर्ड भी बनाया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यसमिति में हुए निर्णयों को वार्ड और गांवों तक पहुंचाने के लिए 5 फरवरी तक सभी 98 संगठनात्मक जिलों में जिला कार्यसमिति और 12 फरवरी तक 1918 मंडलों में कार्यसमिति की बैठकें होंगी।