लखनऊ। NEWSINDIADT
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर गायत्री परिवार लखनऊ द्वारा एक भव्य मोटिवेशनल सत्र एवं अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लिटरेसी हाउस, कानपुर रोड, लखनऊ में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्रधानाचार्य एवं परीक्षा संयोजक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक अरुण श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में विगत कई वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का वर्ष 2025 में लखनऊ जिले में सफल आयोजन हुआ। इस परीक्षा का आयोजन जिले के 400 विद्यालयों में किया गया, जिसमें लगभग 54,000 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
आलमबाग जोन के प्रतिभागियों का हुआ सम्मान
लखनऊ के आलमबाग जोन के अंतर्गत आने वाले 65 विद्यालयों के मेरिट सूची में स्थान प्राप्त प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं परीक्षा संयोजकों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रधानाचार्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। समारोह में करीब 500 विद्यार्थी, प्रधानाचार्य एवं परीक्षा संयोजक उपस्थित रहे।
भारत को विश्वगुरु बनाने में संस्कृति की भूमिका
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कृष्ण मुरारी, डिप्टी सीईओ, जेन पोर्टल (भारत सरकार) रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत को पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित करने में सांस्कृतिक मूल्यों की अहम भूमिका है।
आत्म निर्माण से राष्ट्र निर्माण का संदेश
प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर डा. प्रवीण सिंह दीपक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए “आत्म निर्माण से राष्ट्र निर्माण” का मंत्र दिया और युवाओं को चरित्र, संस्कार और अनुशासन के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला समन्वयक, गायत्री परिवार लखनऊ – अतुल सिंह एवं प्रांतीय संयोजक, भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा – श्री महिपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री शशि भूषण पाण्डेय ने किया तथा समापन डा. एस.एन. सचान, मुख्य प्रबंध ट्रस्टी, गायत्री परिवार ट्रस्ट आलमबाग द्वारा किया गया।
Newsindiadt.com Online News Portal

