लखनऊ, Newsindiadt
युवा दिवस के अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा उद्यमिता विकास संस्थान, सरोजिनी नगर, लखनऊ में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान हेतु भव्य अभिनंदन समारोह एवं प्रेरणादायी मोटिवेशनल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना रहा।
गायत्री मंत्र से बढ़ती है स्मरण शक्ति : डॉ. प्रवीण सिंह दीपक
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर डॉ० प्रवीण सिंह दीपक ने वैज्ञानिक शोधों का उल्लेख करते हुए बताया कि गायत्री मंत्र के नियमित जप से स्मरण शक्ति, एकाग्रता और मानसिक संतुलन में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, साहस और सकारात्मक सोच अपनाने के साथ-साथ नशा एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा देव मंच पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुई। इस अवसर पर अनिल तिवारी, डॉ० एस०एन० सचान, सुमित वर्मा, पंकज पटेल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ना समय की आवश्यकता : अरुण श्रीवास्तव

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के संयोजक श्री अरुण श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि गायत्री परिवार देशभर में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ श्रेष्ठ नागरिक बनने हेतु प्रेरित कर रहा है, जिससे उनमें प्रेम, करुणा, सेवा, संवेदना एवं साहस जैसे मानवीय मूल्य विकसित हों।
50 से अधिक विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
इस अवसर पर 50 से अधिक विद्यालयों के लगभग 300 विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालयवार सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन नरेन्द्र सक्सेना द्वारा किया गया।
Newsindiadt.com Online News Portal
