*सुल्तानपुर में योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन, विकास योजनाओं का प्रस्तुत हुआ रिपोर्ट कार्ड*
सुलतानपुर :–
प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा, सुशासन व समृद्धि” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 11 वर्ष और राज्य सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों को लघु फिल्म के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर मंच पर मौजूद रहे। उनके साथ एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक विनोद सिंह, राज प्रसाद उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रकाश सिंह, अमेठी जिला अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा तथा मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मंच से चेक वितरित किए और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेस-वे निर्माण के क्षेत्र में रिकॉर्ड स्थापित हुआ है तथा लगभग 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर उनके भविष्य को संवारने का कार्य किया गया है। वहीं 5 लाख से अधिक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया है।
अपने संबोधन में ओम प्रकाश राजभर ने कानून व्यवस्था को मजबूत बताते हुए अपराधियों पर की गई सख्त कार्रवाई को सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही उन्होंने विपक्ष, विशेषकर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल अफवाह फैलाने का कार्य करते हैं। मथुरा की घटना को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हत्या नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना का मामला था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष दिन में भाजपा का विरोध करता है और रात में डैमेज कंट्रोल की कोशिश करता है।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की गई और कांग्रेस के साथ उनके संबंधों पर सवाल उठाए गए।
प्रभारी मंत्री ने जिले और नगर में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा कराई गई योजनाओं को प्रदेश सरकार के विकास मॉडल का प्रतीक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि *बेसिक शिक्षा विभाग एवं पंचायती राज विभाग जिले में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं, जिससे गांवों और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र तिवारी ने किया। इस दौरान जिले के सभी विभागों द्वारा सभागार परिसर में विकास योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत शिक्षिका अनुपम शुक्ला एवं कांति सिंह के नेतृत्व में बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
Newsindiadt.com Online News Portal

