लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना विभूति खंड क्षेत्र स्थित सिंगापुर मॉल में संचालित कोचिंग संस्थान ALLEN Career Institute के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि संस्थान लंबे समय से आवश्यक मानकों और फायर एनओसी के बिना संचालित हो रहा था।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में शहर में हुई घटनाओं के बाद प्रशासनिक विभागों पर सुरक्षा मानकों को लेकर दबाव बढ़ा है। इसी क्रम में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित भवन को सील कर दिया गया। अधिकारियों द्वारा भवन की वैधता, सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक अनुमतियों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजधानी में कई कोचिंग सेंटर, हॉस्टल, होटल और निजी संस्थान बिना निर्धारित मानकों तथा अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (Fire NOC) के संचालित हो रहे हैं। ऐसे संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आते हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते संबंधित विभागों द्वारा नियमित निरीक्षण और कार्रवाई की जाती, तो सुरक्षा संबंधी जोखिमों को काफी हद तक रोका जा सकता था। साथ ही, बिना मानकों के संचालित संस्थानों को संरक्षण देने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय किए जाने की मांग उठ रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल भवन को सील कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शहर के अन्य कोचिंग सेंटरों, हॉस्टलों, अस्पतालों और होटलों की भी जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
Newsindiadt.com Online News Portal